संस्कृत में विराम-चिह्नों का अभाव
प्रस्तुत लेख के शीर्षक से ही स्पष्ट है कि इस लेख में संस्कृत भाषा लेखन के संदर्भ में विराम चिन्हों की मीमांसा विवक्षित है। इस प्रसंग में निम्न प्रश्नों के उत्तर खोजने का प्रयास किया जाएगा -
- क्या संस्कृत में विराम चिन्हों का प्रयोग हमेशा से किया जाता रहा है, यदि हां तो कौनसे?
क्या संस्कृत भाषा लेखन में विराम चिन्हों की आवश्यकता है?
क्या विराम चिन्हों का प्रयोग किया जाना एक त्रुटि है?
इस लेख में आगे बढ़ने से पहले ही जो पाठक यह समझ गए हैं कि लेखक संस्कृत भाषा लेखन में विराम चिह्न की आवश्यकता स्वीकार नहीं करने वाला है, वे पाठक यदि लेखक के सामने हों तो बिना किसी देरी के हिन्दी में विराम चिह्नों का महत्व दिखाने वाले दो वाक्यों का अनुवाद लेखक से पूछेंगे, वे वाक्य हैं;-
रोको! मत जाने दो
रोको मत, जाने दो
उनसे निवेदन है कृपया धैर्य रखें।
उपर्युक्त सवालों के जवाब इस लेख में यथास्थान प्राप्त होंगे।
मेरा मन्तव्य है कि संस्कृत भाषा के देवनगिरी लिपि लेखन में विराम चिह्नों की आवश्यकता नहीं हैं, और कभी रही भी नहीं ; उसका कारण हैं कि संस्कृतसाहित्य का विपुल अंश पद्य रूप मे प्राप्त हुआ है,और पद्य लेखन में विराम चिह्नों का प्रयोग नहीं किया जाता। हाँ इतना अवश्य है कि पुरातन समय में जब लेखन की शैली आज की तरह- चार या दो पंक्तियों में एक के नीचे एक पंक्ति में पद्य लिखना-नहीं थी, तब धारा प्रवाह रूप में एक पंक्ति के बाद दूसरी पंक्ति लिखी जाया करती थी इसलिए एक पंक्ति या श्लोक का अंत एवं दूसरी पंक्ति या श्लोक का प्रारंभ स्पष्ट करने के लिए ( । ) (।।) इस चिह्न का प्रयोग देखने को मिलता है। देखा जाए तो इस डंडे या दोहरे डंडे के चिह्न के प्रयोग की आवश्यकता संस्कृत को एक भाषा के तौर पर नहीं है, क्योंकि इसका प्रयोग नहीं करने पर भी किसी तरह की अस्पष्टता नहीं दिखाई देती।
यहाँ आपका सवाल हो सकता है कि अभी तो आपने कहा कि एक पंक्ति या श्लोक का अंत एवं दूसरी पंक्ति या श्लोक का प्रारंभ स्पष्ट करने के लिए ( । ) (।।) इस चिह्न का प्रयोग किया जाता था तो फिर इसके न होने पर तो अस्पष्टता हुई न कि किसी पंक्ति का अंत कहाँ हैं,और दूसरी पंक्ति का प्रारंभ कहाँ?
इसका जवाब संस्कृत पद्य की विशेषता में छुपा है, संस्कृत पद्य एक निश्चित परिमाण के ढंग से लिखे जाते हैं,अर्थात वर्ण या मात्राएं नियत होती हैं, यहाँ तक कि पढ़ते वक्त कितने वर्णों के बाद यति अर्थात विराम है ये भी छंद के प्रकार अनुसार नियत होता है, ऐसे में पाठक यदि छंद पहचानता है और एक धुन में पढ़ता जाता है तो बिना किसी चिह्न के भी वह वहीं रुकता है जहां उसे रुकना चाहिए।
यहाँ यह समझ लेना आवश्यक है कि हम सिर्फ विराम चिह्न की आवश्यकता की दृष्टि से यहाँ विचार कर रहें हैं, आवश्यकता का आधार चिन्ह का प्रयोग न करने पर होने वाली अस्पष्टता या अनेकार्थकता है। हाँ पाठक के श्रम को कम करने या परिपाटी से यदि विराम चिह्न का प्रयोग किया जा रहा है तो वहाँ दोष दिखाना इस लेख का उद्देश्य नहीं है, जैसा कि प्रकृत में हमने दिखाया की ( । ) (।।) इन चिन्हों की आवश्यकता भाषा को विवक्षित अर्थ व्यक्त करने के लिए नही है , पाठक को है, या लिपिकारों को रही होगी; क्योंकि इन चिह्नों का प्रयोग श्लोक प्रामाण अक्षरों को गिनने के लिए किया जाता रहा होगा जो कि लिपिकारों के भुगतान का आधार था; इसलिए अनेक पांडुलिपियों में आप देखेंगे कि इन चिह्नों को लाल या अन्य किसी स्याही से अंकित किया गया है।
अब कोई पूछे कि यदि भाषा को विराम चिह्न की आवश्यकता नहीं है तो बिना अल्पविराम का प्रयोग किये आप इस वाक्य को संस्कृत में कैसे लिखेंगे- राम, लक्षमण, भरत और शत्रुघ्न हैं।
जवाब बहुत आसान है, सबसे पहले तो ज्ञात कर लिया कि रामादि, "हैं" इस क्रिया के कर्त्ता हैं, अतः प्रथमा विभक्ति आएगी। बस फिर क्या सभी में प्रथमा विभक्ति लगाकर इस प्रकार लिख दीजिये रामः लक्ष्मणः भरतः शत्रुघ्नः च।
प्रत्येक पद का स्वतंत्र अर्थ उनकी स्वतंत्र विभक्ति से ज्ञात हो रहा है अतः किसी अल्पविराम की कोई आवश्यकता नहीं है।
यहाँ फिर कोई कहे कि विशेषण में विशेष्य के समान ही विभक्ति होती है तो आपके इस वाक्य में राम लक्ष्मण आदि अलग अलग है या कोई किसी का विशेषण है ये बात तो स्पष्ट हो ही नहीं रही? जैसे आपको कहना हो कि सीतापति भूपति पुरुषोत्तम राम आ रहे हैं इस वाक्य को भी आप "सीतापति: भूपति: पुरुषोत्तम: राम: आगच्छति" इस तरह लिख सकते हैं । यहाँ भी प्रत्येक पद में स्वतंत्र विभक्ति है तो ये किसी के विशेषण हैं या स्वतंत्र कर्त्ता ये कैसे स्पष्ट हुआ?
अच्छा सवाल है, सुनिए! आपके दिए हिंदी के वाक्यों में भी अंतर है इसलिए उनके संस्कृत अनुवाद में भी अंतर है, जब हमें कहना है कि राम, लक्ष्मण, भरत, और शत्रुघ्न हैं, तब इस वाक्य में आपने प्रत्येक पद के बाद अल्पविराम एवं " और" इस शब्द का प्रयोग किया है, लेकिन जब आपको कहना है कि सीतापति भूपति पुरुषोत्तम राम आ रहे हैं तब न तो आपने अल्पविराम का ही प्रयोग किया और न " और'" इस शब्द का। इसलिए दोनों वाक्यों के संस्कृत अनुवाद में भी अंतर है।
अर्थात् समान विभक्ति होने पर भी जब मुझे ये बताना है कि ये सब अलग अलग हैं तब वाक्य के अंत मे "च" शब्द लगा होगा और जब ये बताना अभीष्ट होगा कि ये किसी की विशेषण हैं तब च नहीं होगा।
इसी तरह उद्धरण चिन्हों के बारे में भी समझ लें।
" राम मेरे हैं" उसने कहा। उसने क्या कहा इस बात को हम हिंदी में उद्धरण चिन्हों से बताते हैं, लेकिन इसका संस्कृत अनुवाद 'राम: मम इति स:' अतः स्पष्ट है कि उन उद्धरण चिन्हों को हमें इति शब्द के कारण प्रयोग नहीं करना पड़ता।
द्विबिन्दुक, जिसे इंग्लिश में colons (:) कहा जाता है, हिंदी में उपविराम या अपूर्ण विराम कहा जाता है; जिसका प्रयोग किन्हीं दो वाक्यों के मध्य या एक शब्द और दो वाक्यों के बीच किया जाता है, और दूसरे वाक्य में पहले वाक्य या शब्द का विस्तार किया जाता है , इसका भी संस्कृत में अभाव है, उदाहरण और कारण पर विचार करें-
महावीर के अनेक नाम हैं: वीर, अतिवीर, सन्मति, वर्धमान।
महावीरस्य पञ्च नामानि वीरातिवीरसन्मतिवर्धमानानि।
इस चिन्ह का संस्कृत में अभाव क्यों है इसे समझने के पहले इस चिन्ह से इस वाक्य में क्या कहा जा रहा है वह समझ ले- पहले वाक्य में कहा है कि महावीर के पाँच नाम हैं और दूसरे वाक्य में वे पाँच नाम गिना दिए ; इसका मतलब ये हुआ कि जो नाम हैं वे पाँच हैं और वहीं वीर अतिवीर आदि हैं , अर्थात् ये सभी एक ही वस्तु को बता रहे हैं इसलिए इनमें एक ही विभक्ति आएगी।
तीन हरी वस्तएँ ले आना: पुष्प, पत्र और फल।
जो तीन हैं वे ही हरी हैं, वे ही वस्तुएँ हैं और वे ही पुष्पादि हैं, अतः समान विभक्ति आएगी।
त्रीणि वस्तुनि पुष्प-पत्र-फलानि आनयतु।
इनके अलावा और क्या शेष रह जाता है, संबोधन को बताने के लिए संस्कृत में अलग व्यवस्था है ही, विस्मय, खेद आदि को बताने के लिए 'अहो' 'बत' इत्यादि प्रकार के अव्यय हैं।
अंत में आप सभी के मन में विद्यमान प्रश्न का उत्तर -
रोको! मत जाने दो,
रोको मत, जाने दो
पहले इन वाक्यों को समझ लें- प्रथम वाक्य में ' नहीं जाने देने' रूप क्रिया की प्रधानता है, दूसरे वाक्य में 'नहीं रोकने' रूप क्रिया की प्रधानता है'। इस प्रधानता को दिखाना ही विराम चिह्न का उद्देश्य है।
इन वाक्यों का बिना किसी चिह्न का प्रयोग किए सही अर्थ को बताते हुए संस्कृत अनुवाद होगा-
निरुध्यताम् गन्तुम् मा अनुमन्यताम् -रोको! मत जाने दो,
मा निरुध्यताम् गन्तुम् अनुमन्यताम्- रोको मत, जाने दो
बताइए! क्या यहाँ किसी अल्पविराम की आवश्यता है?
मेरे ख्याल में नहीं; क्योंकि यद्यपि संस्कृत के बारे में कहा जाता है कि शब्दों को कहीं भी रखें सही जगह अन्वय हो जाता है, फिर भी कुछ शब्द ऐसे हैं जिनको अन्वय की दृष्टि से रखने का स्थान सुनिश्चित है, या यूँ कहें कि उन शब्दों को उचित स्थान पर रखने से अर्थ भिन्न हो जाता है; जैसा की यहाँ हुआ-
"निरुध्यताम् गन्तुम् मा अनुमन्यताम् -रोको! मत जाने दो"- इस वाक्य में "मा " अव्यय को क्रिया के साथ रखने पर वह क्रिया में ही प्रतिषेध रूप अर्थ को व्यक्त करेगा,अन्य किसी का प्रतिषेध वह नहीं कर सकता। ठीक ऐसा ही दूसरे वाक्य में भी समझना। चाहे आप इन वाक्यों में विराम चिह्न लगाकर और उसका स्थान परिवर्तन करके देख लें-
प्रथम मूल वाक्य- निरुध्यताम् गन्तुम् मा अनुमन्यताम् -रोको! मत जाने दो,
विराम चिह्न के साथ- निरुध्यताम् , गन्तुम् मा अनुमन्यताम्
अथवा - निरुध्यताम् गन्तुम् , मा अनुमन्यताम्
दोनों का अर्थ एक ही है।
यहाँ किसी का आग्रह हो कि विराम चिह्न को जरा और खिसकाकर इसे वाक्य लिखें-
निरुध्यताम् गन्तुम् मा, अनुमन्यताम्
अब तो इसका अर्थ बदल गया- जाने से मत रोको, जाने दो यह अर्थ हो गया, जबकि पहले वाक्य में तो ' नहीं जाने देने' रूप क्रिया की प्रधानता है। इसका जवाब मैं पहले ही दे चुका हूँ, जिसका निषेध करना है उसके पहले "मा " का प्रयोग किया जाएगा, इसलिए आपने जो वाक्य बनाया है- निरुध्यताम् गन्तुम् मा, अनुमन्यताम्- वह अन्वय की दृष्टि से ही ठीक नहीं है अतः अर्थ में परिवर्तन की शंका व्यर्थ है।
इस संबंध में पाठकों के जो प्रश्न हों या कोई उचित सुझाव हो तो वे उचित माध्यम से अवगत करायें।
आगामी लेख में मिलते हैं, भूयात् तावत् मंगलम्।
Comments