समाज का दर्पण..

"साहित्य समाज का दर्पण होता है" यह उक्ति विद्वतजगत में तो प्रसिद्ध है ही साथ ही जनसामान्य में भी बहु प्रचलित एवं परिचित है। इस उक्ति का अर्थ भी सभी को भली भांति ख्याल में है कि लेखक अपनी रचना में वही अभिव्यक्ति करता है जो वह अपने सामाजिक परिवेश में दिनरात देखता है, और अपनी लेखनी से समाज को दर्पण दिखाकर उसमें वांछित आवश्यक सुधार की अपेक्षा करता है।

इस उक्ति के कथ्य को सरल शब्दों में इस तरह समझें कि साहित्यकार लेखनी के माध्यम से समाज को साहित्य रूपी दर्पण में झलकाता है और समाज उस दर्पण में अपने को निहारकर स्वयं को सज्जित करती है।

इस उक्ति के माध्यम से यह विचार प्रस्तुत करना चाहता हूँ कि दूसरे अर्थों में साधु भी समाज का दर्पण होता है।

साधु समाज का दर्पण होता है, अब इस उक्ति का मैं दो तरह से अर्थ करना चाहता हूँ। प्रथम तो उपर्युक्तानुसार ही है कि-

साधु अपने वचनों के माध्य्म से समाज को उसकी स्थिति से अवगत कराता है और समाज भी साधुरूपी दर्पण से मार्गदर्शन प्राप्त कर अपने को सज्जित करता है।

दूसरा अर्थ है जिसे समझने के लिये मुझे और आपको थोड़ी सी मेहनत करनी होगी,क्योंकि यह अर्थ थोड़ा सा हट के है।

साधु समाज का दर्पण होता है इसे इन अर्थों में समझें कि- जैसे यथा राजा तथा प्रजा के अनुसार राजा और प्रजा में समानता होती है वैसे ही साधु भी समाज का नेतृत्व करने वाला समाज का राजा ही है। जैसे राजा का पद प्रजा द्वारा नियुक्त है, अर्थात प्रजा जब चाहे तख्त पलट सकती है वैसे ही साधु पद भी समाज द्वारा ही निर्धारित है, क्योंकि यह समाज पर ही निर्भर करता है कि वह साधु के लिये निर्धारित गुणों का पालन करने वाले को ही साधु मानकर उनकी पूजा प्रतिष्ठा की ओर अग्रसर हो।

मूल मुद्दे की बात मुझे यहीं कहनी है कि जब साधु समाज का दर्पण है और दर्पण को मान्यता देने वाला समाज ही है ,इस परिस्थिति में यदि समाज असाधु प्रवृत्ति वाले को भी साधु की तरह पूजे तो इसका मतलब है कि वह आसामाजिक प्रवृत्ति को अपनाना चाहता है और उसे ही बढ़ावा देता है,जिसे कहावत में इस तरह कह सकते हैं कि चोर चोर मौसेरे भाई।

साधु को समाज मान्यता देता है यह कहने का तात्पर्य यह नहीं है कि साधु को समाज से प्रमाणपत्र की आवश्यक्ता है बल्कि कहनेका मतलब मात्रा इतना है कि साधु असाधु के विवेक के साथ पूज्य पात्र का निर्णय करना समाज का कार्य है, साधु का तो समाज से सीधा संबंध ही नहीं है क्योंकि उनकी प्रवृत्ति तो आत्महिताय ही मुख्यता से होती है, बहुजनहिताय बहुजनसुखाय गौण प्रयोजन है।

साधु संसार में फंसने के उपाय बता रहे हों और श्रोता उसपे ताली बजा रहें हों यह दृश्य देखने में भले ही अच्छा है पर न तो यह साधु के योग्य है न ही समाज के। साधु को चाहिए कि निवृत्ति का मार्ग बताये और समाज को चाहिए कि प्रवृति का मार्ग बताने वाले से अपना किनारे करले,वहाँ किसी भी तरह के हस्तक्षेप की बात मैं नहीं कहता।

हालाँकि उपर्युक्त व्यवस्था की आज कल्पना मात्र ही शेष है क्योंकि अब बाबा वाक्यं प्रमाणं की ही प्रवृत्ति बहुतायात से दिखाई देती है,और इसका मूल कारण है भय एवं अंधश्रद्धा ।पर फिर भी इसके पुनर्स्थापित होने के आसार है। इस दिशा में साधुओं को कुछ भी कहने का अधिकारी मैं अपने आप को नहीं समझता,पर समाज यदि इस ओर ध्यान दे तो कुछ हो सकता है।

अंत में यही कहना चाहता हूं कि मैं साधुओं का नहीं साधुवाद का विरोधी हूँ।

नोट: हो सकता है आपके विचार मेरे विचारों से अलग हों पर सिर्फ इसलिये मैं गलत नहीं हो सकता।

Comments

Popular posts from this blog

संस्कृत में विराम-चिह्नों का अभाव

ये बी एड नहीं आसान..😖

अभिज्ञान की कहानी.. दूसरी क़िस्त😉