आज कल सब चलता है...

आज कल सब चलता है..

वर्षों पहले संस्कृत के महाकवि भर्तृहरि ने मूर्खों को अपनी मूर्खता छिपाने का एक मंत्र दिया था। उन्होंने कहा कि…

स्वायत्तमेकान्तगुणं विधात्रा

विनिर्मितं छादनमज्ञतायाः

विशेषतः सर्वविदां समाजे

विभूषणं मौनमपंडितानां

मतलब विधाता के द्वारा मूर्ख लोगों की मूर्खता को छिपाने वाला ,अपने अधीन रहने वाला तथा सर्वदा हितकारी साधन मौन बनाया गया ,वह मौन सर्वज्ञ लोगों के समाज में मूर्खों का अलंकरण सिद्ध होता है।

कहने का सीधा सा मतलब ये है कि जब कुछ पता न हो कि क्या बोलना है तो चुप रहो और कहदो की मेरा मौन व्रत है और आप बच जाएंगे।

आर्ष-परम्परा का अनुसरण करते हुए हमनें अपने आप को एक मंत्र दिया है, जिसका प्रयोग हम अपने कुकृत्यों (यधपि ये शब्द रूढ़िवश नियुक्त अर्थ में प्रयुक्त होता है अतः इसका यहाँ इसका प्रयोग उपयुक्तनहीं होने पर भी वास्तविकता की गंभीरता का भान कराने के लिये यहाँ इसका प्रयोग किया गया है) को छुपाने के लिये, नहीं कुकृत्यों को सही साबित करने के लिये किया जाता है।

वह मंत्र कोई सामान्य मंत्र नहीं है ,मानवता के लगातार गिरते हुए नैतिक मूल्यों रूपी तप के परिणामस्वरूप इस महामंत्र की प्राप्ति, सकल मानवजाति के अमानुषिक उद्धार के लक्ष्य के लिये हुई है। वर्तमान में बहुभाग लोग बड़ी ही श्रद्धा से इस मंत्र का प्रयोग दिन में कई बार कर रहे हैं और आधुनिक युग के सभ्य नागरिक होने का गौरव प्राप्त कर रहें हैं।

यह मंत्र कुछ इस प्रकार है-“आज-कल सब चलता है”

मंत्र की प्रयोग-विधि भी बहुत सामान्य है ,वह कुछ इस प्रकार है कि जब भी आप कोई अनुचित कार्य (जिसे ऊपर कुकृत्य कहा था) करें और कोई आपके कार्य में बाधा पहुचाने का प्रयास करे तो आप शांति से उसकी तरफ देखकर अपनी जीभ को तालु आदि स्थानों से इस तरह स्पर्श कराएँ की ये शब्द निकलें “आज कल सब चलता है”। इतना करते ही आपको इस मंत्र का तुरंत प्रभाव दिखेगा और आपके कार्य में आपको टोकने वाला या तो स्वीकारता दिखाते हुए सर हिलाएगा या चुप चाप वहाँ से चला जायेगा।

कुछ उदाहरणों से अपनी बात को स्पष्ट करता हूं-

यदि आप सरकार का पैसा अपनी जेब में दबा के बैठे हैं मतलब बिजली चोरी में यदि आपने अपना जौहर दिखाया है या अपनी आय को सुरक्षित रखकर उसका कर देने की इच्छा नहीं है तो आप कह सकते हैं आज कल सब चलता है..जब यातायात के नियमों का पालन नहीँ करते तब जब आप पुलिस वाले भैया की जेब चुपके से गर्म करते हो तब आप और वो भैया दोनों समझते हैं आज कल सब चलता है..।

समझदार को इशारा काफी होता है, इसलिये उन सब कामों को भी यहाँ समझ लेना जिनकी गाथाएं आप अपने मित्रमंडल में खुद को शूरवीर साबित करते हुए सुनाते हैं (जैसे आज आपने बस कंडक्टर को कैसे उल्लू बनाया इत्यादि..)

कुछ लोग जिनको आधुनिकता की आदत नहीं है इसलिये वे उसे कोसते रहते हैं (ऐसा हमें लगता है) वे भी इस वाक्य का प्रयोग कुछ परिवर्तन एवं कुछ परिवर्तित लहजे के साथ करते हैं जैसे-

हमउम्र लड़के लड़कियों को हाथों में हाथों डाले,निर्लज्जता से..क्षमा कीजिये मेरा मतलब है स्वतंत्रता से घूमते देखकर वे कहते हैं हूँनन..(नाक सिकोड़ते हुए) देखो आज कल क्या चलता है..

अब उन्हें हमारे स्वतंत्र भारत की शसक्त नारियाँ यह समझाती हैं कि ताऊ आज कल सब चलता है..

एक और प्रकार के लोग होते हैं जो जमाने से कुछ निराश से होते हुए पर स्वीकार करते हैं ,वे भी कुछ परिवर्तन एवं ध्वनि परिवर्तन(tone) करते हुए बोलते हैं। जैसे-

प्रेम- विवाह (love marrige) होते देख वह कहते हैं -( एक गहरी सांस अंदर लेते या छोड़ते हुए) अब क्या करें, आज कल सब चलता है..

इस तरह विभिन्न परिस्थितियों में विभिन्न तरीके से विभिन्न लोग इस वाक्य का भिन्न भिन्न प्रयोग करते हैं।

मैं तो बस यह बता रहा था कि कलयुग में कोयले की खदान में रहते हुए भी अपनी कमीज की सफेदी साबित करने के लिये ये मंत्र परमोपकारी महाकार्यकारी है हमें इसका भरपूर लाभ लेना चाहिये..नहीं लेना नहीं…लाभ उठाना चाहिए।

कल कोई कह रहा था कि “जो जैसा करता है वह वैसा भरता है”.. मैंने कहा कि ऐसा भी होता होगा पर हमें उससे क्या ,क्योंकि-“आज कल तो सब चलता है”।

नोट- मेरे विचार आपके विचारों से अलग हैं सिर्फ इस वजह से मैं गलत नहीं हो सकता । यदि कहीं कोई बात पसंद न आई हो तो यहाँ भी समाझ लेना कि..आज कल सब चलता है ;):)


Comments

nayan jain said…
This comment has been removed by the author.

Popular posts from this blog

संस्कृत में विराम-चिह्नों का अभाव

ये बी एड नहीं आसान..😖

अभिज्ञान की कहानी.. दूसरी क़िस्त😉