कविता का जन्म..



जन्म कविता का…

सरणी विचार की धारा-सी,जब ह्रदय गुहा से उठती है…
चिंतन के मेरु लांघ वही,फिर मनस पटल पर पड़ती है..
जनवाद* 1नुकीले शैलों की चोटी आगे अड़ जाती है..
बढ़े, रहे या यहीं खडी यह गुत्थमगुत्थी होती है
मैली धारा*2 तो पड़ी वहीं सिमटी अंदर रह जाती है..
अभिव्यक्ति की सौरभ जिसमें हो वह सरिता आगे बढ़ती है..
चंचल चित की कल्लोलों से गुरुता बढ़ती ही जाती है**3
कुछ निश्चित-सी वह वेगवती फिर बुद्धिथल को छूती है..
कलम स्याही और कागज की सारी तैयारी होती है..
कटने पिटने और जुड़ने की शब्दों की बारी होती है..
शब्दों को चुनने बुनने में बुद्धि बिलखाती रहती है..
नवशिशु को जनती माता की पीड़ा सी भुगती जाती है..
आगे करके पीछे करके ऐसे-वैसे कैसे-कैसे,
तुम अंत कहो शुरुआत कहो कविता रचना कहलाती है..।
यद्यपि निर्मल जल की सरिता , खल कर्णपटल पर पड़ती है…
निर्दोष है नन्हीं बूँद तो क्या कानों में शूल ही जनती है..
सद्वृत्त जनों के कंठों में माला सी शोभा पाती है…
न रत्नमणि हां जहाँ कहीं वह स्वर्ण खचित ही जचती है..
रसिकों को करती तृप्त हुई आंनद ह्रदय को देती है..
तुम सुनो उसे या सुनो नहीं वह तो मुझमें मिल जाती है..।

टिप्पणी-
1 जनवाद- कविता को सुनकर लोग क्या कहेंगे??
2 मैली धारा-वह कविता जिसे किसी के समक्ष प्रस्तुत न किया जा सके।
3 बहुत सारे विचारों से कविता का आकार दीर्घ हो जाता है।
व्याख्या- कविता एक नदी की तरह ह्रदय रूपी गुफा से निकलती है..उसके बाद जिस विषय पर कविता रचना की जानी है उस पर चिंतन किया जाता है वह चिंतन करना मेरु को लांघने के जैसा जान पड़ता है..चिंतन के बाद यह विचार मन में आता है कि यदि इस कविता को मैने अभिव्यक्त किया तो पता नहीं लोग क्या कहेंगे...तब यह उथल पुथल चलती है कि मैं इसे लिखू या नहीं..परिणामस्वरूप जिन भावों को व्यक्त किया जा सकता है उन्हें कविता के लिए चुना जाता है और जिन्हें सामाजिक दृष्टि से अभिव्यक्त नहीं किया जा सकता उन्हें छोड़ दिया जाता है..उसके बाद कवि सोचता है कि इस कविता में यह भी कहदूँ वह भी कहूँ इस तरह वो विषयवस्तु बहुत भारी हो जाती है और उसे व्यवस्थित करने के लिए फिर बुद्धि के पास भेज दिया जाता है..तब सामने कलम और कागज सब होता है और बुद्धि को शब्दों के काटने छांटने में बहुत मेहनत करनी पड़ती है..उस समय कवि को ऐसी पीड़ा होती है जैसी किसी शिशु को जन्म देते समय उसकी माता को पीड़ा होती है..फिर जैसे तैसे कविता रचना होती है..इसे कविता रचना का अंत भी कहा जा सकता है और शरुआत भी..यद्यपि कविता जल की नन्हीं बून्द के जैसे होती है फिर भी यदि को दुर्जनों के कान में पहुँचती है तो दुःख ही देती है..और सज्जनों के ह्रदय में वह माला की तरह शोभा पाती है..इसका कारण यह है कि कविता स्वर्ण की तरह होती है और वह सज्जन रूपी रत्न के पास ही शोभा पाती है न कि  दुर्जन के पास..इस तरह वह कविता रसिकों को तृप्त करती हुई सबको आनंद देती है..कोई उस कविता को सुने या न सुने वह अंत में जाकर कवि में ही मिल जाती है..मेरी कविता भी ऐसी ही है.☺️
       -  नयन जैन "नील"

Comments

Popular posts from this blog

संस्कृत में विराम-चिह्नों का अभाव

ये बी एड नहीं आसान..😖

अभिज्ञान की कहानी.. दूसरी क़िस्त😉