हमें स्वतंत्रता का अधिकार है स्वच्छदंता का नहीं..

नोट: न तो मैं क्रांतिकारी हूँ न ही मेरे विचार पर “ बाहर के हालात और अंदर के जज्बात“ ये सब कहने के लिये मजबूर कर रहें हैं..।

इस स्वतंत्रता के अवसर पर बस एक अंतर को स्पष्ट करना चाहता हूँ । वह भेद है स्वतंत्रता और स्वछंदता का। जी हाँ, क्योंकि इस अंतर को समझे बिना हम स्वतंत्रता के नाम पर अपनी स्वछंदता का पोषण करना चाहते है और यही कलह का कारण बनता है, चाहे वह पारिवारिक कलह हो ,सामाजिक कलह हो अथवा राजनैतिक कलह हो।
स्वतंत्रता और स्वछन्दता को नहीं समझने के कारण “ नारी स्वतंत्रता के नाम पर अंग प्रदर्शन,(ध्यान रखें कि यहाँ सिर्फ उन्हीं की बात की जा रही है जो ऐसा करते हैं, अन्यथा आप “कपड़े नहीं सोच छोटी है का ठप्पा लगाकर मुझे स्वतंत्रता का विरोधी घोषित कर देंगे) धार्मिक स्वतंत्रता के नाम पर पंथवाद और पाखंड , व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नाम पर अनुचित कामाचार, राजनैतिक स्वतंत्रता के नाम पर गुटवाद, बेईमानी, स्वार्थ पोषण , जन शोषण और कहाँ तक कहें संवैधानिक स्वतंत्रता के नाम पर अयोग्य पदारोपण  और योग्य को ठेंगा अर्थात यदि सरल शब्दों में कहें तो आरक्षण का दुरूपयोग जैसे कृत्य अथवा कहें तो कुकृत्यों को अंजाम दिया जा रहा है।
और यदि इनके खिलाफ आवाज उठाओ तो  तो स्वतंत्रता की पट्टी से मुँह बन्द कर देते हैं। पर साहेब!!!! क्या आपको पता है किस चिड़िया का नाम है स्वतंत्रता और क्या कहलाती है स्वछंदता??
इस विषय पर मैं अपनी तरफ से कोई भी टिप्पणी न करके सीधा भाषाशास्त्र से तर्कपूर्ण बात करना चाहूँगा।
स्वतंत्रता का शाब्दिक अर्थ होता है "स्व+तंत्र+ता"।यहाँ पर जो तंत्र शब्द है उसका अर्थ होता है शासन और , इस अनुसार स्वतंत्रता का अर्थ हुआ अपने शासन के अनुसार चलना उसका नाम है स्वतंत्रता।
तंत्र शब्द से यहाँ पर सामाजिक तंत्र, मानवीय तंत्र, नैतिक तंत्र, सभी का समावेश किया गया है।

इसी तरह स्वछंदता का शाब्दिक अर्थ होता है "स्व+छंद+ता"। यहां जो छंद शब्द है उसका अर्थ है "इच्छा", मतलब अपनी इच्छानुसार कार्य करने का नाम है स्वछंदता।

उदाहरण से और अच्छी तरह समझ सकते हैं- हमारे देश में सरे-आम दूध बेचना ,यह स्वतंत्रता है क्योंकी वह तंत्र अर्थात शासन के अनुसार है और शराबबंदी वाले राज्य में शराब बेचना,यह स्वच्छदंता है क्योंकि वह तंत्र के अनुसार नहीं छंद अर्थात इच्छा के अनुसार है।।

अब इस दृष्टिकोण से जरा उपर्युक्त कही गई बातों पर पुनः विचार कीजिये…
नारी स्वतंत्रता के नाम पर अंग प्रदर्शन सामाजिक तंत्र के अनुसार है या आपकी छंद अर्थात आपकी इच्छानुसार?? धार्मिक स्वतंत्रता के नाम पर पंथवाद और पाखंड धार्मिक तंत्र के अनुसार है या आपकी छंद के अनुसार?? व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नाम पर अनुचित कामाचार, राजनैतिक स्वतंत्रता के नाम पर गुटवाद, बेईमानी, स्वार्थ पोषण , जन शोषण यह किसी भी तंत्र के अनुसार है यत् सिर्फ छंद के अनुसार??

आपको एक स्वस्थ मस्तिष्क का  व्यक्ति मानते हुए इन प्रश्नों के उत्तर मैं यहाँ नहीं दे रहा हूँ.. आप स्वयं समझदार हैं।

अतः यहाँ मैं अपने विचारों की दौड़ को लगाम देकर चाहूँगा कि आपके विचारों की दौड़ शुरू हो , और निवेदन है कि सिर्फ विचार पर न रुकें निर्णय करें और तदनुसार ही क्रिया भी करें साथ ही अन्यों को भी स्वतंत्रता और स्वछंदता का यह भेद समझाएं।

मेरे विचार आपके विचारों से अलग हैं सिर्फ इस वजह से मैं गलत नहीं हो सकता.. धन्यवाद।

Comments

Popular posts from this blog

संस्कृत में विराम-चिह्नों का अभाव

ये बी एड नहीं आसान..😖

अभिज्ञान की कहानी.. दूसरी क़िस्त😉