सलाह और सुझाव..
एक ऐसी वस्तु जिसे माँगने के लिये शब्दों को खर्च नहीं करना पड़ता वह है “सलाह”। सलाह सभी के पास पर्याप्त मात्रा में या शायद उससे भी अधिक मात्रा में है और सलाह दानवीर की पदवी से बहुत कम लोग अछूते हैं।

सलाह से ही मिलती जुलती चीज है सुझाव, यूँ तो ये दोनों एकसे ही लगते हैं पर बकदृष्टि से इनमें अंतर भी देखा जा सकता है।
विषय को समझने की आवश्यकता-
हमारी वणिकवृत्ति इस विषय की उपयोगिता समझे बिना आपना कीमती वक्त और बुद्धि जाया करने की इजाज़त नहीं देती इसलिये पहले इस विषय को समझने की आवश्यकता समझ ली जाय।
फर्ज कीजिये कि आपने किसी व्यक्ति से किसी काम को करने के तरीके के बारे में पूछा जिसका जवाब आपको आदेशात्मक लहजे में इस काम को ‘ऐसे ही करना’ कि ध्वनि में मिला तो आप उसे पसंद करते हैं, या इस काम को ‘ऐसे कर सकते हैं’ कि ध्वनि के जवाब को ज़्यादा पसंद करते हैं??
मेरे व्यक्तिगत मतानुसार तो मैं दूसरे जवाब को ज़्यादा पसंद करता हूं, या यूं कहें कि पहले जबाब को नापसंद करता हूँ, कारण की पहले जबाब नें मुझे बांधने का प्रयास किया जबकि दूसरे जबाब में मेरी स्वतंत्रता कायम रही।
अब इस विषय की उपयोगिता को समझिये की जब हमें हमारे प्रति दूसरों का पहले प्रकार का जवाब पसन्द नहीं तो दूसरों को भी हमारा पहले प्रकार का जबाब क्यों पसन्द आयेगा..। मतलब दूसरों की नापसन्दगी के पात्र हम न बनें इसलिये सलाह और सुझाव में अंतर समझना जरूरी है।
सलाह और सुझाव में अंतर..
सलाह और सुझाव के अंतर को समझने के लिये किसी विशेष बौद्धिक व्यायाम की आवश्यकता नहीं है,थोड़ा सा विचार किया जाए तो इनका अंतर भली भांति समझ में आ सकता है।
एक अंतर को तो ऊपर इंगित कर ही दिया गया है कि सलाह और सुझाव में अंतर बोलने के लहजे या शब्दचयन से भी पड़ता है। “ऐसे करना” और”ऐसे कर सकते हो” इन दोनों बातों से सामने वाले व्यक्ति पर अलग अलग प्रभाव पड़ता है, प्रथम वाक्य में तो उसे बाध्यता लगती है जबकि दूसरे वाक्य में वह पाता है कि मेरे विचारों की स्वतंत्रता को कायम रखते हुए मेरे सामने एक विचार प्रस्तुत किया गया है जिस पर अमल करना न करना मेरे हाथ में है।सलाह बहुत से लोग बिना माँगे ही दे जाते हैं या यूँ कहूँ की चिपका देते हैं, पर सुझाव का मिलना मुख्यता निवेदन पर ही होता है।सलाह अधिकांशतः अच्छी नहीं लगती इसलिये लोग उस पर अमल नहीं करते पर सुझाव के साथ ऐसा नहीं है।सलाह देने वाला समझता है कि मैने जिसे सलाह दी है वो भी मुफ्त में वो व्यक्ति मुझे अच्छा और बड़ा समझ रहा होगा पर स्थिति इससे विपरीत भी हो सकती है, पर सुझाव देने वाले कि इज़्ज़त बरक़रार रहती है।
खीर में अवांछित कंकड की तरह लगने वाली सलाह यदि आपको बुरी लगी हो तो “आप बीती औरों पर न बीते” इसका ध्यान आप रख सकते हैं।
अंत में मैं यह तो नहीं कहूँगा की “सुझाव दें सलाह नहीं” ( इस पंक्ति को मैं शीर्षक भी बना सकता था पर मैने बुद्धिपूर्वक ऐसा नहीं किया ….आप समझ गए होंगें की क्यों मैंने ऐसा किया ) क्योंकि ऐसा कहना सम्पूर्ण लेख की मेहनत को धूल में मिला देगा , पर यदि आप किसी के मन में कोपभाजन नहीं बनना चाहते तो आप इस पर अवश्य ध्यान दे सकते हैं।
एवं इस लेख के संदर्भ में अपने “सुझाव” अवश्य प्रेषित करें।
Comments