संस्कृत में हाँथी के लिए एक भी शब्द नहीं..🤔
महोदय!!! आप से जब भी संस्कृत की कुछ विशेषताएँ बताने के लिये कहा जाता है तो सबसे पहली चीज जो आप गिनाते हैं वो ये की संस्कृत में किसी भी भाषा के मुकाबले सर्वाधिक शब्द संपत्ति है। संस्कृत में फलाँँ अरब फलाँँ करोड़ फलाँँ फलाँँ शब्द हैं।
सर् फलाँँ फलाँँ शब्द नहीं 102 अरब 78 करोड़ 50 लाख शब्द हैं।
जी बताने के लिये धन्यवाद!
तो आपको इस विशेषता में आपत्ति क्या है, विशेषता है सो कहते हैं।
जी आपत्ति तो कुछ नही है बस कुछ सवाल हैं, आप तो ये भी कहते हैं कि अकेले हाथी के लिये कुछ 40 से अधिक शब्द हैं??
जी हैं सो कहते हैं।
आपको इनमे से कितने याद हैं??
मुझे वो..यही..कुछ..
चलिए छोड़िये, मेरा सवाल तो दूसरा है..किसी वस्तु के लिए इतने शब्दों का होना विशेषता है??
आप कहना क्या चाहते हैं??
वही जो आप समझना नहीं चाहते, मैं ये कह रहा हूँ कि जिस बात को आप विशेषता के रूप में बता रहे हैं मैं उसे आफत कह दूँ तो?? मतलब अगर मैं कहूँ की english में मुझे हाँँथी को बताना है तो elephant कहने से मेरा काम चल जाएगा, लेकिन संस्कृत में मुझे इतने सारे शब्द सीखने पड़ेंगे.. ये तो रायता फैल गया न जी..
तो आप इतने सारे शब्द न सीखकर एक ही शब्द सीख लीजिये!!
परंतु महोदय जब एक ही शब्द का प्रयोग करना है तो इतने सारे शब्दों के होने का क्या मतलब है??
अरे सर् साहित्य में इन सारे शब्दों का प्रयोग किया गया है।
इसका मतलब एक हस्ती शब्दों को सीखकर मैं सारे साहित्य में हाँथी को नहीं ढूंढ पाउँगा??
जी बिल्कुल नहीं ढूँँढ़ पाएँँगे।
तो रायता तो फैल ही गया न मुझे इतने सारे शब्द सीखने ही पढ़ेंगे।
आप कहना क्या चाहते हैं??
कहना नहीं समझाना..
क्या समझाना..?
अब आपने सही सवाल पूछा,, सुनिए!! दरअसल जिस विशेषता को आप बताना चाह रहे हैं, वो बस दूसरों से सुनकर मुझे बताना चाह रहें हैं। आप खुद के विवेक का उपयोग नहीं कर रहे हैं।
तो ये कोई विशेषता है ही नहीं??
है!! बिल्कुल है पर आपका उसे प्रस्तुत करने का तरीका सही नहीं है।
संस्कृत की अथाह शब्द संपदा होने का कारण और उसकी वास्तविक विशेषता यह है कि इसमें वस्तुओं के नाम नहीं होते गुणों के होते हैं। (कुछ अपवादों को यहाँ छोड़ दिया जाये- जैसे सर्वनाम शब्द, संख्याएँँ, और कुछ अव्यय)
मैं समझा नहीं..
जी मैं ये कह रहा हूँ कि अगर हाँथी को एक वस्तु के तौर पर देखा जाए तो संस्कृत में हाँथी के लिए एक भी शब्द नहीं है..
आप मजाक कर रहे हैं??
नहीं तथ्य बता रहा हूँ..हाँथी ही क्या संस्कृत में किसी भी वस्तु के लिये कोई शब्द नहीं है।
तो हस्ती क्या है?? हस्ती शब्द से तो हाँथी को ही जाना जाता है??
हाँ हस्ती शब्द से हाँथी को अभिहित किया जाता है, क्योंकि हस्ती का अर्थ है "हस्त अर्थात् सूंड जिसके पास है" वह हस्ती है,, और चूंकि हाँथी के पास सूंड है इसलिये हम उसे हस्ती कहते हैं, मतलब हाथी का नाम हस्ति नहीं है उसके पास जो 'सूंड का होना"' नामक विशेषता है उसकी वजह से उसे हस्ति कहा जाता है.. कल को अगर आपके सूंड निकल आती है तो हम आपको भी हस्ति कहने लगेंगे..
इसी तरह " जिसके दो रदन अर्थात् दाँत है" वह द्विरद है,, हाँथी के भी दो दाँत हैं इसलिये उसका नाम द्विरद भी है।
कहने का तात्पर्य ये की अन्य भाषाओं में जहाँ वस्तुओं के नाम होते हैं वहीं संस्कृत में विशेषताओं के आधार पर नाम होते हैं और चूँकि एक ही वस्तु में अनेक विशेषतायें होती हैं इसलिय एक ही वस्तु के अनेक नाम भी हो सकते हैं, और इस तरह संस्कृत में अनेक वस्तुओं के अनंत नाम हो सकते हैं।
हो सकते हैं क्यों कह रहे हैं,, फिर तो अनंत नाम होंगे ही??
नहीं क्योंकि हमारे ज्ञान की भी तो सीमा है, होने को तो एक वस्तु में अनेक गुण होते हैं पर क्या हम सबको जानते हैं?? फिर वचनों की भी अपनी सीमा है,, हम एक वस्तु की कई विशेषताओं को जानते हैं पर क्या सब कुछ कह पाते हैं?? इसलिये हमारे लिए तो संख्यात ही शब्द हो सकते हैं।
तो पंडित जी बात समझ में आ रही है?
जी आ रही है..
मजा आ रहा है??
नहीं सवाल आ रहा है,,
पूछिये, पूछिये!!
सर् आप हाँथी हो क्या??
महोदय शिष्टाचार भूल गए क्या?
अरे नहीं सर्!! बुरा मत मानिए!! आप ही क्या मैं भी हाँथी हूँ, वो ऐसे की हस्त मतलब हाथ होता है, और हाथ जिसके हैं इस अर्थ में भी तो हस्ति(न्) शब्द बनेगा, इस हिसाब से सारे मनुष्य हस्ति मतलब हाँथी हुए??
बहुत तेज हो रहे हो पंडित जी,,
आपको ये सवाल इसलिये हुआ क्योंकि अभी मेरी बात पूरी नहीं हुई,, विशेषताओं के आधार पर नाम होने पर,, और एक ही विशेषता कई जगह होने पर भी हस्ति शब्द से हाँथी और मनुष्य को अभिहित करने जैसी विसंगति उत्पन्न नहीं होती।
दरअसल शब्दों को तीन भागों में विभाजित किया जा सकता है
1. योग 2. रूढ़ 3.योगारूढ़
जब कोई शब्द मूल तत्वों से अर्थात् उपसर्ग (वैकल्पिक), धातु एवं प्रत्यय के योग से, या किन्हीं दो समर्थ शब्दों के योग से बनाये जाते हैं तब उन्हें योग शब्दों (यौगिक शब्दों) की कोटि में रखा जाता है,
उदाहरण के लिये शिष्य शब्द एक यौगिक शब्द है क्योंकि यह शास् धातु से क्यप् प्रत्यय का योग करने पर बना है, जिसका अर्थ होता है जिसे उपदेश दिया जाए वह शिष्य है। इस यौगिक शब्द के द्वारा वे सभी जिन्हें उपदेश दिया जाता है शिष्य कहे जा सकते हैं।
दूसरा उदाहरण है कृतकृत्य जिसका मतलब होता है ' वह व्यक्ति जिसने करने योग्य कार्य को कर लिया है,, जो भी इस विशेषता से युक्त हैं वे इस पद के द्वारा अभिहित किए जा सकते हैं।
ऊपर दिए उदाहरणों से आप समझ गए होंगे कि यौगिक शब्दों को भी दो भागों में बाँटा जा सकता है-
कृदन्त योग (धातु एवं प्रत्यय के योग से बने हुए) - जैसे शिष्य, भक्ति, राग, मोह, प्रिय
समास योग (शब्दों के योग से बने हुए) - जैसे कृतकृत्य, प्राप्तनिर्वाण इत्यादि।
इस तरह के शब्दों का अर्थ खोजने के लिये एवं इनसे अभिहित वस्तुओं की पहचान के लिये आपको शब्दकोश की आवश्यकता नहीं है।
दूसरे है रूढ़ शब्द, ये वे शब्द हैं जो यौगिक शब्दों की तरह निर्मित नहीं हैं, और ये किसी निश्चित वस्तु की ओर ही संकेत करते हैं।
जैसे- केले के वृक्ष का नाम कदली
गिलास का नाम चषकः इत्यादि।
इन शब्दों के अर्थ जानने के लिये एवं इनसे अभिहित वस्तुओं की पहचान के लिये आपको शब्दकोश की आवश्यकता है।
तीसरे हैं योगारूढ़ शब्द, ये वे शब्द हैं जिनका निर्माण यद्यपि योग शब्दों की तरह धातु एवं प्रत्यय के योग से या दो सार्थक शब्दों के योग से हुआ है पर ये शब्द किसी निश्चित वस्तु की ओर ही संकेत करते हैं न कि योग शब्दों की तरह उन विशेषताओं से युक्त सभी वस्तुओं की ओर..
नाम से ही स्पष्ट है कि जिनका निर्माण योग की तरह पर अर्थ रूढ़ की तरह है वे योगारूढ़ शब्द हैं।
जैसे पंडित जी आपका सवाल था कि मनुष्य को हस्ति क्यों नहीं कह सकते?? तो जवाब है की इसलिये नहीं कह सकते क्योंकि वह एक योगारूढ़ शब्द है।
इसी वजह से पंक (कीचड़) में उत्पन्न फूल को तो पंकज कहते हैं, पर उसी पंक (कीचड़) में उत्पन्न कीड़ों को पंकज नहीं कहा जाता। इस तरह अन्य भी कई शब्द हैं।
आप की बात मेरी समझ मे आ गयी पर अभी भी जो बात मुझे समझ नहीं आयी वो ये की इसमें विशेषता क्या है?? ऐसा होने से लाभ क्या है??
अब आपने समझदारों वाला प्रश्न किया है, देखिए क्योंकि अन्य बहुत सी भाषाओं में 'वस्तुओं' के नाम होते हैं तो जब भी किसी नई वस्तु का अविष्कार होता है तो भाषाविदों को उस वस्तु के लिये नया नाम सोचना पड़ता है, फिर वे उसे शब्दकोश में जोड़ते हैं और फिर आपको उस वस्तु को अभिहित करने के लिये शब्दकोश की आवश्यकता पड़ती है, जब भी आप कोई नया शब्द सुनते हैं या पढ़ते हैं तो आपको उसका अर्थ खोजने के लिये शब्दकोश में खोजना ही पड़ेगा..
पर संस्कृत में ऐसा नहीं है, उदाहरण के लिये जब ट्रेन का अविष्कार हुआ था तो संस्कृत ने उसके गुण 'लोहे के पथ पर गमन करने वाली' को देखकर उसका नाम " लौहपथगामिनी" रख दिया। अब अगर आपने ये शब्द कभी कोश में नहीं भी पढ़ा है और अकस्मात आपके सामने ये शब्द आता है तो आप उसका अर्थ समझकर उस विशेषता से अभिहित पदार्थ अर्थात् ट्रेन को जान जाएंगे..आपको कोश देखने की आवश्यकता भी नहीं है..
यहाँ तक कि किसी वस्तु को अभिहित करने के लिये आप स्वयं भी किसी शब्द को इजात कर सकते हैं बशर्ते कि आप संस्कृत के अच्छे जानकर हों।
इस बात का ध्यान रखना आवश्यक है कि शब्दनिर्माण की इस प्रक्रिया में सभी सूत्रों और नियमों को ध्यान रखना आवश्यक है स्वच्छंदता से कोई भी शब्द आप नहीं बना सकते।
तो स्पष्ट है कि संस्कृत में इतनी अपार शब्दसंपदा क्यों है और उसका क्या महत्व है। यही कारण है कि संस्कृत में एक वस्तु के लिये अनेक शब्द और, एक शब्द से बहुत से वस्तुओं को अभिहित करने की क्षमता है..
जैसे द्विज शब्द का अर्थ जब '" दो बार जन्म लेने वाला"" किया जाए तब इससे ब्राम्हण (पहला जन्म माता की गोद से, दूसरा उनायन संस्कार के बाद) एवं दाँत को अभिहित किया जा सकता है..
और जब द्विज का अर्थ दो जीभ वाला करते हैं तो इससे चुगलखोर और सर्प को अभिहित किया जा सकता है..
सर् जी!! आपने मुझसे तर्क करते हुए कहा था कि ये संपदा नहीं आपदा है.. रायता फैला हुआ है.. वो प्रश्न तो यहाँ भी बनता है, यहाँ भी कोई कहे कि द्विज का कहाँ कौनसा अर्थ लेना है ये हम कैसे समझें?? और एक ही वस्तु के लिये इतने सारे शब्द याद रखने का प्रश्न भी वैसा का वैसा ही है।
जी प्रश्न तो बिल्कुल बनता है,, और उसका जवाब भी मेरे पास है.. जहाँ तक कहाँ कौनसा अर्थ लें ये बात है तो भाई विवेक को किराए पर चढ़ा कर तो तुम संस्कृत पढोगे नहीं.. तो प्रकरण अनुसार विवेक से निर्णय कर लेना..
रही बात शब्दो को याद रखने की तो अब कुछ रूढ़ शब्दों को छोड़कर बाकी शब्दों को याद रखने की ज़रूरत कहाँ है?? जिस शब्द से जिस विशेषता का ज्ञान हो रहा है वह विशेषता जिसमें पाई जाए वही उस शब्द का अर्थ है..
भाई आपने कभी पादप शब्द नहीं पढ़ा.. पर संस्कृतज्ञ होने के नाते आप उसका अर्थ समझ सकते हैं 'जो पैरों से पिये वह पादप' ऐसी विशेषता पेडों में देखने को मिलती है क्योंकि वे जड़ों से पानी पीते हैं , तो बस अर्थ समझ आ गया
बंधु याद रखना, अपनी कमजोरी को संस्कृत की कमजोरी मत बताना,, अर्थ नहीं लगा पाना तुम्हारी कमजोरी है, संस्कृत की नहीं।
तो सर् अब तो आप मानते हैं न कि ये संस्कृत की अद्वितीय विशेषता है।
पता नहीं..
अरे आपने इतना अच्छा विवरण देकर मुझे समझाया और आप ही इस विशेषता को नहीं मानते ऐसा क्यों??
महोदय इस विशेषता को तो मैं मानता हूँ पर ये अद्वितीय विशेषपना है मैं ये कैसे कह सकता हूँ,, क्योंकि मुझे हिंदी संस्कृत और इंग्लिश भाषा का ही ज्ञान है, वो भी थोड़ा बहुत,, न मैं जर्मन भाषा के बारे में कुछ जानता हूँ न ग्रीक भाषा के बारे में,, कदाचित् इनमें भी इस तरह की विशेषता हो सकती है..
देखिए कोई भी भाषा सम्पूर्ण नहीं होती पर उसकी अपनी विशेषताएं होती हैं,, इसलिय हमारी भाषा श्रेष्ठ और अन्य भाषाएँँ निकृष्ट हैं ऐसा दुराग्रह नहीं करना चाहिये।
साधु!! साधु!!
आपने जो कुछ भी बताया ये सब तो मुझे पता ही नहीं था मैं तो यूँ ही बिना जाने इसे विशेषता कहता रहता था..
पंडित जी आप तो यह भी कहते हैं कि नासा वाले संस्कृत से चलने वाला कंप्यूटर बना रहे हैं,, संस्कृत भाषा कंप्यूटर प्रोग्रामिंग के लिए सबसे बढ़िया है।
जी हम क्या कहते हैं, नासा वाले खुद कहते हैं। क्यों ये भी गलत है क्या??
नहीं गलत नहीं है पर आपने गलत समझ रखा है..
सर् जी मुझे तो ये भी पता नहीं था..
पंडित जी आपको तो ये भी पता नहीं कि संस्कृत पहले आई या प्राकृत??
आपको तो ये भी पता नहीं कि माहेश्वर सूत्र पाणिनि को शिव से प्राप्त हुए हैं इस बात में कितनी सच्चाई है??
आपको तो ये भी पता नहीं कि संस्कृत को सभी भाषाओं की जननी कहे जाने का वास्तविक अर्थ क्या है??
तो बताइये..
बताऊँँगा, पर समय समय पर,, और प्रमाणों के साथ।
तब तक के लिए आज्ञा दीजिये।
सलाह, सुझाव, शंका, टिप्पणी और ज्ञान आमंत्रित हैं।
Comments