वैचारिक गरीबी

 

मनुष्य एक नहीं है, एक जैसे हैं,अलग भी हैं, एक जैसे तो सिर्फ इसलिए की सभी हाड़ माँस  से बने हैं और अलग इसलिए क्योंकि प्रत्येक के विचार अन्य से अलग हैं। यह वैचारिक भिन्नता ही मनुष्य की पहचान है।

कोई व्यक्ति विचारों से सम्पन्न होता है तो कोई वैचारिक तौर पर गरीब। आज के समय में वैचारिक गरीबी एक बड़ी समस्या है क्योंकि विचारों के जन्म लेने उनके बढ़ने और फलने के लिए मस्तिष्क को समय चाहिए, अवसर चाहिए, और वह समय और अवसर हम अपने मस्तिष्क को प्रायः नहीं देते। उसका कारण एक तो अनिवार्य व्यस्तता है, जैसे रोजी रोटी के लिए विभिन्न विचारों में उलझा रहना, इस अनिवार्य व्यस्तता  से उतनी हानि  नहीं है, हानि  है दूसरे कारण से जो कि है गैर जरूरी गृहीत व्यस्तता।

सुनने में यह शब्द अजीब लगता हो पर समझना आवश्यक है, और आसान भी है, बस जरा शांति से बैठिए और सोचिए की जब आप कुछ नहीं कर रहे होते हैं तब आप क्या कर रहें होते हैं? या उससे भी पहले यह सोचिए कि आखिर बार कब शांतचित्त होकर आपने अपने आप को अपना समय दिया था? जी हाँ आप एक एसे कार्य में व्यस्त होते हैं जो आवश्यक नहीं है, लेकिन फिर भी आपके जीवन का ऐसा अंग बन गया है जिसमें व्यस्त हुए बिना आपका मन नहीं लगता, इसे ही कहते हैं गैर जरूरी गृहीत व्यस्तता।

इस व्यस्तता का एक दुष्परिणाम है उधार के विचार। उधार के विचार से मेरा तात्पर्य है कि अब आपके विचार आपके अपने नहीं हैं, वे किसी दृश्य या श्रव्य माध्यम से पूर्णतः गृहीत एवं प्रभावित हैं,किसी राजनैतिक दल के बारे में या किसी महान हस्ती के बारें में, किसी देश के बारे में या किसी समुदाय के लोगों के बारे में आपके विचार आपके नहीं,उनके हैं जिनको आप गैर जरूरी व्यस्तता के समय देख या सुन रहें हैं, चूंकि आप अपने मस्तिष्क को अवसर ही नहीं देते इसलिए वह इन उधार के विचारों में मौलिकता का तड़का लगाने में अक्षम रहता हैं।

आप कहेंगे कि किसी किताब या किसी दर्शन को पढ़ने वाले पर भी तो यही बात लागू होती है कि  उसके विचार उसके अपने नहीं बल्कि उस किताब या उस दर्शन से गृहीत  या प्रभावित हैं, जी बिल्कुल हैं पर वहाँ यह संभावना हैं की उस व्यक्ति ने उस किताब के या उस दर्शन के विचार पर विचार करके अपना एक विचार उत्पन्न किया है,वहाँ मानसिक श्रम हुआ है, जबकि गैर जरूरी  व्यस्तता में इस मानसिक श्रम का अभाव है, उस अंतर का प्रबल कारण यह है कि  गैर जरूरी व्यस्तता का प्रमख साधन दृश्य है जो सीधा दिमाग को उस दर्शाई गई वस्तु को स्वीकृत करने के लिए बाध्य करता है, आप देखी हुई वस्तु को तुरंत स्वीकार करते हैं, पढ़ी हुई पर विचार करते हैं।

गैर जरूरी व्यस्तता के अन्य अनेक दुष्परिणाम हैं- जैसे मानसिक तनाव, अनावश्यक तुलना और उससे उत्पन्न अनावश्यक असंतोष, अवास्तविक आकांक्षाएं, जिनके पूरा न होने से उत्पन्न होने वाली मानसिक कुंठा, उससे उत्पन्न भय, भय से उत्पन्न क्रोध और इस तरह न जाने क्या क्या जो आपके मानसिक और सामाजिक जीवन को बड़े स्तर पर प्रभावित करता है।

गैर जरूरी व्यस्तता का एक निजी दुष्प्रभाव जिसका मैं अनुभव करता हूँ वह है आवश्यक एवं उत्पादक कार्यों से बचने की प्रवृत्ति का विकसित होना। इस व्यस्तता के चलते आप आवश्यक कार्यों को न करने के बहाने, टालने के उपाय सोचने लगते हैं, आप उस कार्य को तब तक नहीं करते जब तक उसके हुए बिना आगे बढ़ना असंभव हो जाए। वहीं इस व्यस्तता के चलते आप सृजनात्मक एवं उत्पादक विचारों का रास्ता रोक देते हैं, पहले खाली समय मे जो व्यक्ति गाने गुनगुनाया करता था, कविताएं बुना करता था, किताबें पलटा करता था, वही व्यक्ति अब बस उंगलियों को फेरते हुए दूसरों के तुच्छ सृजन से प्रभावित हुआ बैठ रहता है।

यह व्यस्तता व्यक्तिगत तौर पर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए तो हानिकारक हैं ही, समुदाय,समाज ,देश के लिए भी अभिशाप है इसलिए इससे बचने के लिए हर संभव उपाय किया जाना आवश्यक  हैं,आत्मानुशासन उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Comments

सही बात है
🙏

Popular posts from this blog

संस्कृत में विराम-चिह्नों का अभाव

ये बी एड नहीं आसान..😖

अभिज्ञान की कहानी.. दूसरी क़िस्त😉