दर्शन और मनोविज्ञान
दर्शन और मनोविज्ञान मनुष्य के अंतरंग और बहिरंग को समझने के अदभुत साधन हैं। दर्शन और मनोविज्ञान में डूबा व्यक्ति कभी उलझता है, कभी सुलझता है पर इस उलझन सुलझन की प्रक्रिया में भी वह अन्य सामान्य लोगों से वास्तविक जीवन जी रहा है। मैं यहाँ दर्शन और मनोविज्ञान को समझने वाले व्यक्ति के लिए दार्शनिक और मनौवैज्ञानिक शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहता, क्योंकि कई ऐसे लोग है जो दार्शनिक बातों को समझते हैं, जीते हैं, अपनाते हैं, पर कदाचित उस दार्शनिक सिद्धांत को व्यक्त करने वाली शब्दावली को नहीं जानते, और केवल इस वजह से उन्हें गैर दार्शनिक कहा जाना उचित नहीं। मैं चिंतक शब्द का प्रयोग करना पसंद करूंगा, क्योंकि कोई निरीह मूर्ख भी अपने आस पास की घटनाओं पर चिंतन अवश्य करता है।
जैसे ऊपर कही गई बात को ही ले लीजिए।जो उलझन सुलझन की बात ऊपर कही गई वो भी एक दार्शनिक सिद्धांत है जिसे दार्शनिक शब्दावली में हेगल नाम के दार्शनिक ने प्रतिपादित किया, उसके अनुसार हमारे आस पास होने वाली हर घटना, यहां तक कि इस विश्व की रचना भी एक प्रक्रिया के तहत हुई जिसे उसने डायलेक्टिक नाम दिया। यह एक तार्किक प्रक्रिया है जिसमें एक विचार (थीसिस) उसके विरोधी विचार (एंटीथीसिस) से टकराता है, और इन दोनों के संघर्ष से एक नया और अधिक परिष्कृत विचार (सिंथेसिस) उत्पन्न होता है।
सामान्य शब्दों में समझिए - एक अभिभावक के रूप में आप चाहते हैं कि आपके बच्चे पूर्णतः अनुशासन में रहें (थीसिस), पर बच्चे चाहते हैं कि वे पूर्णतः स्वतंत्र रहें (एंटीथीसिस), पर एक परिवार में रहने वाला बच्चा नियोजित स्वतंत्रता से रहता हुआ अनुशासन का पालन करता है (सिंथेसिस)।
ऐसे और भी कई उदाहरण हम अपने आस पास देखते हैं जैसे राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के आमने सामने होने पर एक संतुलित नीति का जन्म लेना। उस नीति के विरोध में एक और नीति और फिर दोनों के समन्वय से उत्पन्न एक और नीति। यह क्रम लगातार चलता रहता है।
इसी दार्शनिक सिद्धांत के आधार पर चीन के दर्शन में विश्व की रचना और संतुलन का रहस्य छुपा हुआ माना जाता है, हां इतना जरूर है कि वहां शब्दावली कुछ बदल जाती है। चीन के दर्शन के अनुसार -
यिन ( स्त्री तत्व) यांग (पुरुष तत्व) के परस्पर संघर्ष और सामंजस्य से विश्व की रचना हुई और उसका संतुलन बना हुआ है।
इस बात को यूरोपीय लोगों ने एडम और ईव के रूप में देखा तो इस्लामिक दर्शन ने आदम और हव्वा के रूप में।
इसी सिद्धांत को भारतीय दर्शनों में सांख्य दर्शन ने व्यक्त किया और उन दो विरोधी तत्वों को प्रकृति और पुरुष नाम दिए।
खैर, मैं इन सिद्धांतों की गहराई में आपको फिलहाल ले जाना नहीं चाहता, हालांकि ये एक रोचक सिद्धांत है, पर यहां मेरा उद्देश्य केवल यह प्रतिपादित करना है कि सिर्फ दार्शनिक शब्दावली का ज्ञान नहीं होने से कोई व्यक्ति दर्शन को नहीं समझता, या उसके जीवन का कोई दर्शन नहीं है यह नहीं कहा जा सकता। कोई पानी को पानी कहते हैं यह नहीं जानता पर उसका उपयोग जानता है, तो पानी उसकी प्यास नहीं बुझाएगा ऐसा नहीं है।
तो फिलहाल ये तय हुआ कि लंबे बाल सफेद दाढ़ी और हमेशा गंभीर और उदास रहने वाला व्यक्ति ही दार्शनिक हो ऐसा नहीं है। तुम, मैं और हम सब अपने तरीके के दार्शनिक है, या यूं कहूं कि चिंतक हैं।
क्योंकि दर्शन और कुछ नहीं, देखने का तरीका है, नजरिया है, विश्व को, स्वयं को देखने का तरीका, और हम में से हर एक अपने नजरिए से चीजें देखता है।
आगामी लेखों में इन्हीं कुछ नजरियों की बात करेंगे, तब तक के लिए, इत्यलम् ।
Comments